राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट) में सफल उम्मीदवारों को अब प्रामणपत्र प्राप्त करने के लिए लम्बा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने प्रमाणपत्र प्रदान करने की प्रक्रिया को ई-माध्यम से जोड़ दिया है जिससे वह घर बैठे कम्प्यूटर के एक क्लिक से इसे हासिल कर सकते हैं।
मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल ने कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सुधार की प्रक्रिया में यह एक महत्वपूर्ण कदम है जिससे प्रणाली को सूचना प्रौद्योगिकी से जोड़ा गया है।
यूजीसी हर साल जून और दिसंबर में दो बार नेट परीक्षा का आयोजन करती है। यह परीक्षा 77 विषयों में देश के 75 केंद्रों पर आयोजित किए जाते हैं। यूजीसी नेट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले उम्मीदवारों को इस आशय का प्रमाणपत्र दिया जाता है।
यूजीसी के कार्यवाहक अध्यक्ष वेद प्रकाश ने कहा कि सफल उम्मीदवारों को प्रमाणपत्र प्रदान किए जाने की प्रक्रिया में छह से आठ माह का समय लगता है। लेकिन अब इस प्रक्रिया को ई-माध्यम से जोड़ दिया गया है जिससे प्रमाणपत्र प्रदान करने में लगा समय छह माह से घटकर छह दिन हो गया है।
उन्होंने कहा कि नेट प्रमाणपत्र की जाँच परख करने में अभी करीब चार महीने का समय लगता है जो अब 24 घंटे में पूरा किया जा सकेगा।
No comments:
Post a Comment